जालंधर,(विशाल)-शाहकोट के गांव कानियां कलां गोशाला में जल्द ही 38.55 लाख रुपये के बजट से नया कैटल शेड तैयार किया जाएगा। जिला खनिज फाउंडेशन की तरफ से इसके लिए स्वीकृति दी गई है। गोशाला का दौरा करने पहुंचे डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि गोशाला मैनेजमेंट को जल्द ही फंड जारी कर दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने गोशाला में अन्य जरूरतों को जाना। डीसी ने कहा कि गोशाला में व्यापक स्तर पर सुविधाएं दिए जाने के लिए प्रबंध कर दिए हैं। बेसहारा पशुओं की देखभाल के लिए भी योजना तैयार की गई है। जिसमें इन पर रिफ्लेक्टर लगाने का इंतजाम भी किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम शाहकोट डा. संजीव शर्मा भी मौजूद थे।