जालंधर,(विशाल)- मंगलवार सुबह कचहरी चौक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना बारादरी के प्रभारी रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को सिविल अस्पताल के शव गृह में भिजवा दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मरने वाले व्यक्ति को सब लोग रामू नाम से बुलाते थे। वह कचहरी चौक के आसपास ही घूमता रहता था। इसके अलावा उसकी कोई और पहचान नहीं है। किसी को नहीं मालूम कि वह कहां से आया था और कहां रहता था।करीब 40 वर्षीय ‘रामू’ के पास से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है। हालांकि हुलिए से वह किसी अन्य राज्य से आया लग रहा था। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि 72 घंटे पहचान के लिए शव को रखवाया जाएगा। पहचान होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद पता लगेगा कि उसकी मौत कैसे हुई है