जालंधर,(विशाल)-सिविल अस्पताल में मंगलवार को पर्चियां बनाने वाले कंप्यूटर सिस्टम की स्पीड कम होने से लंबी कतारें लग गईं। मरीजों व उनके परिजनों को इलाज करवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा मौ के पर तैनात स्टाफ ने सर्वर डाउन होने की वजह से समस्या पैदा होने की बात कही है।मंगलवार को सुबह ही सिविल अस्पताल में इलाज करवाने के लिए ओपीडी पर्ची को लेकर कंप्यूटर विभाग के बाहर लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं। ये लाइनें दोपहर करीब दो बजे तक लगी रहीं। एक मरीज के साथ पहुंची सरबजीत कौर ने कहा कि वह इलाज करवाने के लिए सुबह 10 बजे सिविल अस्पताल पहुंची थीं। पर्ची बनवाने के लिए करीब पौन घंटा लाइन में खड़े रहना पड़ा। डॉक्टर से जांच करवाने के बाद लैब टेस्टों की रसीद कटवाने के लिए दोबारा फिर लाइन में लगना पड़ा और करीब 1 घंटे इंतजार के बाद उनकी बारी आई। इसके बाद लैब टेस्ट करवाने गईं वहां सैंपल लेने की समय अवधि खत्म होने की बात कहकर बैरंग वापस लौटा दिया गया। उन्होंने डॉक्टर से बातचीत करने के बाद दवा ली और अगले दिन आकर टेस्ट करवाने का फैसला किया।कंप्यूटर सिस्टम पर काम कर रहे स्टाफ का कहना है कि सर्वर की खराबी चंडीगढ़ से ही आ रही है। सिविल अस्पताल में आनलाइन पर्ची बनाने का सिस्टम चल रहा है। सर्वर पीछे से ही डाउन होने की वजह से लोगों और स्टाफ को समस्याओं से जूझना पड़ा। सिविल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. परमिंदर कौर का कहना है कि इस संबंध में विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया है। उन्होंने जल्द तकनीकी खराबी को दूर करके समस्या का समाधान करने की बात कही है