जालंधर,(विशाल) सोमवार को केएल सहगल हाल में उस्ताद काले राम के 75वें जन्मदिवस के मौके पर उनके चाहने वालों और उनके सभी शिष्यों ने कार्यक्रम का आयोजन करवाया। हरीवल्लभ संगीत सम्मेलन के महासचिव दीपक वाली, सूफी गायक उस्ताद पूर्ण शाह कोटी, पंडित हरविदर कुमार शर्मा, पंडित सुरेंद्र कुमार दत्ता ने इस कार्यक्रम में मुख्य मेहमान के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में दर्शकों की भीड़ देखते हुए पता लग रहा था कि वाकई में काले राम कितने ही दिलों में बसे हुए हैं। कार्यक्रम में बांसुरी और सितार की जुगलबंदी ने सबका दिल जीत लिया। पूरा हाल तालियों से गूंज उठा था। उस्ताद अकरम खान साहब की विशेष प्रस्तुति कार्यक्रम में रही। पंडित सुलेमान ने बांसुरी पर और वनिता ने सितार पर अपनी खूबसूरत पेशकश देकर वहां पर उपस्थित दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इनके अलावा साहिल सिद्धू ने तबले की थाप से और आशु प्रीत कौर ने वोकल की प्रस्तुति दी। संगत राम ने इस मौके पर स्टेज संचालन किया। इस दौरान जयदेव, सुभाष काली, सरदार सुरजीत सिंह, सूफी गायक मास्टर सलीम, फिरोज खान के साथ अन्य गणमान्य मौजूद थे