जालंधर, (विशाल/रोजाना आजतक)- जालंधर में सिविल अस्पताल से भागा कोरोना पॉजिटिव कैदी गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह 15 दिन पहले सिविल अस्पताल में पानी पीने के बहाने निकला और फिर कुंडी तोड़कर सीवरेज की पाइप के सहारे उतरकर चंपत हो गया था। देहात पुलिस के सीआईए स्टाफ ने उसके साथ-साथ उसे पनाह देने वाले गोराया के एक और व्यक्ति को भी पकड़ा है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जालंधर रूरल पुलिस के एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि नकोदर के गांव मल्लियां कलां का रहने वाला सुखबीर सिंह उर्फ साबी केंद्रीय जेल कपूरथला में नशा तस्करी के केस में 10 साल की सजा काट रहा था। कोरोना संक्रमण की वजह से 9 अगस्त को सिविल अस्पताल जालंधर में दाखिल करवाया गया था। 19 अगस्त को साबी अपने कमरे के सामने वाले कमरे में पानी लेने के लिए गया और वहां दरवाजे की कुंडी तोड़कर सीवरेज की पाइपों से उतरते हुए फरार हो गया।उसके खिलाफ थाना डिवीजन-4 में केस दर्ज करके गिरफ्तारी के लिए सीआईए स्टाफ को आदेश दिए गए थे। सीआईए ने आरोपी को गांव पद्दी जागीर में प्रिंस के घर से गिरफ्तार कर लिया है। अगली कार्रवाई के लिए आरोपी को थाना डिवीजन चार के एसएचओ रशपाल सिंह के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुखबीर साबी के खिलाफ सात मुकद्दमे चल रहे हैं। इनमें एक मारपीट के साथ पांच केस नशा तस्करी के हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।