बीजिंग, (Rozanaaajtak.com)-चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी को ‘असली युद्ध’ की तैयारी करने के लिए कहते हैं। उनका यह आदेश सिर्फ प्रोत्साहन भाषण का हिस्सा नहीं हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की एक रिपोर्ट दावा करती है कि अमेरिकी के अनुमान से भी कम समय में चीन के परमाणु हथियारों का जखीरा 400 से अधिक हो गया है। बीजिंग अपनी परमाणु क्षमता को बढ़ाने पर फोकस कर रहा है। पड़ोसी देशों के साथ तनाव का सामना कर रहा देश अपने ‘सबसे बड़े दुश्मन’ अमेरिका को चुनौती देना चाहता है। साल 2020 में, अमेरिका ने अनुमान लगाया था कि चीन के पास परमाणु हथियारों की संख्या 200 से कुछ ही ज्यादा है। अमेरिका का अनुमान था कि एक दशक से भी कम समय में यह भंडार दोगुना हो जाएगा। लेकिन मंगलवार को जारी 2022 चाइना मिलिट्री पावर रिपोर्ट के अनुसार सिर्फ दो साल बाद चीन उस मुकाम पर पहुंच गया है कि अगर वह इसी रफ्तार से अपने जखीरे को बढ़ाता रहा तो 2035 तक उसके पास 1,500 परमाणु हथियार हो सकते हैं।