कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ की सोमवार को औपचारिक लॉन्चिंग हुई है. इस कार्यक्रम में इंडिया ब्लॉक गठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने खींचा, जो पहली पंक्ति में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार के बीच में बैठे दिखाई दिए. अमरिंदर सिंह 2022 के पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस से अलग हो गए थे और उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था, ऐसे में आगामी पंजाब चुनाव से पहले उनकी मौजूदगी को राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में आयोजित बुक लॉन्चिंग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी ने उन्हें किताब लिखने के लिए प्रेरित किया था. शुरुआत में उनके लिए किताब लिखना काफी मुश्किल था. उन्होंने साफ किया कि उनके परिवार के बारे में बहुत-सी ऐसी बातें फैलाई गईं, जो सच नहीं थीं, इसलिए लोगों के सामने सही सच्चाई रखने के लिए उन्होंने यह किताब लिखी.