नई दिल्ली -पूर्व विधायक और शिअद नेता मनजिंदर सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है और विदेश जाने पर अब रोक रहेगी। यह कार्रवाई दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के महासचिव के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान सिरसा के फंड की हेराफेरी के मामले की जांच के तहत की गई है। यह सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को दिये गये अदालत के पहले के निर्देश के अनुपालन में यह कदम उठाया गया है कि सिरसा न्याय से न भागें। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने इस शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की थी कि सिरसा 2013 की घटना के समय डीएसजीएमसी के महासचिव थे और उन्होंने सार्वजनिक धन का कथित तौर पर गलत ढंग से नुकसान किया था।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट पंकज शर्मा के समक्ष दाखिल स्थिति रिपोर्ट में कहा गया है, “अदालत के समक्ष प्रस्तुत पिछली स्थिति रिपोर्ट के क्रम में और अदालत के नौ जुलाई के आदेश के अनुपालन में, मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ एलओसी जारी की गई है। मामले की जांच जारी है।’’ अदालत ने यह निर्देश शिकायतकर्ता के वकील संजय एबट्ट द्वारा यह बताए जाने के बाद दिया था कि सिरसा पहले ही अपनी संपत्ति बेच चुके हैं और उड़ानें शुरू होते ही वह भागने की प्रक्रिया में हैं।