साथ ही संसद की विभिन्न समितियों में प्रतिनिधित्व की भी वकालत की

जालंधर, (संजय शर्मा)-जालंधर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और उनसे समय देने के लिए कहा ताकि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र और समाज के कमजोर वर्गों से संबंधित मुद्दों को उठा सकें।

अध्यक्ष ने श्री रिंकू का सदन में शामिल होने पर स्वागत किया।
अध्यक्ष के साथ बातचीत के दौरान, सांसद ने सदन को संबोधित करने के लिए समय मांगा ताकि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र और राज्य से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को उठा सकें। उन्होंने आगे कहा कि संसद की स्थायी समितियों में जालंधर संसदीय क्षेत्र को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाए। सांसद ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दे लंबित है, जिसके कारण उन्हें सम्मानित सदन में समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि हालांकि जालंधर पंजाब का एक प्रमुख शहर है, लेकिन पिछले सांसदों की खराब कारगुजारी और केंद्र सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण यह प्रगति में पिछड़ गया है।
उन्होंने कहा कि इसे ठीक करने की जरूरत है जिसके लिए उन्हें संसद में समय दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित करना भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली के लोकाचार के अनुरूप है कि जनता के प्रत्येक निर्वाचित प्रतिनिधि को अपने निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को उठाने का मौका मिले। श्री रिंकू ने कहा कि जालंधर से जुड़े मामले उठाना उनका कर्तव्य है और इस नेक काम के लिए कोई कमी बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

इसी तरह, लोकसभा सदस्य ने कहा कि कमजोर वर्गों के हितों की भी रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह देश के इस सर्वोच्च मंच पर समाज के इन वर्गों से जुड़े मुद्दों को भी उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले नगर निगम, फिर पंजाब विधानसभा और अब जनता की सर्वोच्च संस्था लोकसभा में लोगों का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है, इसलिए वह अच्छी तरह जानते है कि लोगों के मुद्दों को कैसे हल किया जाए जिसके लिए उन्हें समय दिया जाए।लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें आश्वासन दिया कि उन्हें जल्द ही सदन को संबोधित करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। बता दें कि सांसद सुशील कुमार रिंकू हाल ही में जालंधर में उपचुनाव जीतकर लोकसभा सदस्य बने है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *