स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम की सेंट्रल मस्जिद के बाहर बुधवार को एक व्यक्ति ने क़ुरान की एक प्रति को फाड़ा और फिर उसे जला दिया. क़ुरान जलाने की घटना को लेकर तुर्की और सऊदी अरब ने कड़ी आपत्ति जताई है. कहा जा रहा है कि तुर्की स्वीडन को नेटो में शामिल करने का पहले से ही विरोध कर रहा था और क़ुरान जलाने की घटना ने उसे और नाराज़ कर दिया है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, स्वीडिश पुलिस ने इस घटना के ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन की इजाज़त दे दी है. संयोग से क़ुरान जलाने की घटना तब हुई है, जब दुनिया भर के मुसलमान ईद-उल-अज़हा मना रहे हैं.