वीकेंड लॉकडाउन: बस स्टैंड से चलने वाली यात्री बसों की संख्या रही बेहद कम

जालंधर, (विशाल)-वीकेंड कर्फ्यू के चलते शनिवार को शहर के बस स्टैंड से संचालित होने वाली यात्री बसों की संख्या बेहद कम रही है। अधिकतर स्थानीय निजी बस ऑपरेटरों की तरफ से बस संचालन से गुरेज किया गया है, जबकि पंजाब रोडवेज एवं पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) की तरफ से भी लगभग 30 फीसद बसों का ही संचालन किया जा रहा है। प्रदेश भर में इंटर स्टेट बसों का संचालन पहले ही बंद किया जा चुका है। मात्र प्रदेश के भीतर ही एक शहर से दूसरे शहर तक की बसों का संचालन जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों की बस सेवा है तो बेहद कम संख्या में संचालित हो रही है। साप्ताहिक कर्फ्यू के चलते यात्रियों की संख्या भी भारी कम हुई है, जिस वजह से बस संचालन भी बुरी तरह से प्रभावित है। जालंधर के शहीद ए आजम भगत सिंह इंटरस्टेट बस टर्मिनल के ऊपर यात्रियों की कमी के चलते सन्नाटा ही पसरा रहा और लगभग 30 फीसद काउंटरों के ऊपर ही बसें खड़ी नजर आईं। शुक्रवार को भी सरकारी छुट्टी होने के चलते यात्रियों की संख्या में कमी आई थी और वीकेंड तीन दिन का होने के चलते वीरवार को बसों में अन्य दिनों की तुलना में यात्रियों की भीड़ ज्यादा उमड़ी थी। निजी बस ऑपरेटरों का तर्क है कि यात्रियों की संख्या बेहद कम होने के चलते शनिवार एवं रविवार को तो डीजल का खर्च भी नहीं निकल पाता है। इस कारण बसों का संचालन नहीं किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *