रूस ने अब गूगल न्यूज को किया ब्लॉक, पहले कर चुका है फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर को

NEW DELHI : रूस और यूक्रेन के बीच जंग रुकने का नाम नहीं ले रही, जिसके चलते कई देशों में रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं। वहीं रूस भी कम नहीं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर के बाद अब रूस ने अपने देश में गूगल न्यूज को ब्लॉक कर दिया है। गूगल न्यूज के खिलाफ यह कार्रवाई रूस के संचार नियामक ने की है। नियामक का गूगल न्यूज पर आरोप है कि वह यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के बारे में फेक कंटेंट को एक्सेस करने की अनुमति देता है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस में हाल ही में एक नया कानून लाया गया था, जिसके तहत रूसी सेना को बदनाम करने वाली किसी भी घटना की रिपोर्ट करना अवैध है। हाल ही में रूस की एक अदालत ने फेसबुक और इंस्टाग्राम को चरमपंथी संगठन करार देते हुए इस पर बैन लगा दिया था। अधिकारियों की ओर से अमेरिकी सोशल मीडिया दिग्गज मेटा (पहले फेसबुक) पर यूक्रेन में युद्ध के दौरान ‘रसोफोबिया’ को सहन करने का आरोप लगाने के बाद ये बैन का फैसला लिया गया था। तब टवर्सकोई जिला अदालत ने कहा था कि, “अदालत ने चरमपंथी गतिविधियों को अंजाम देने को लेकर दो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगाने के लिए अभियोजकों के अनुरोध पर सहमति दर्ज कर दी, लेकिन मेटा की व्हाट्सएप मैसेंजर सेवा को बैन नहीं किया जाएगा, क्योंकि ये एक सार्वजनिक मंच नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *