मोबाइल फोन निकाल कर युवक भागा, लोगों ने काबू कर लिया

जालंधर, शहर के कोट किशन चंद से एक दुकानदार दर्शन लाल की जेब से चलते-चलते मोबाइल फोन निकाल कर युवक भागा, जिसे अंबिका कॉलोनी में लोगों ने काबू कर लिया। दुकानदार की जेब से जैसे ही स्कूटी सवार मोबाइल फोन निकाल कर भागा तो दुकानदार अपने लड़के के साथ उसके पीछे लग गया। लुटेरा कन्या महाविद्यालय (KMV) की तरफ भागा और अंबिका कॉलोनी की एक गली में घुस गया। स्कूटी स्पीड पर होने के कारण एक मोड़ पर अनबैलेंस हो गई। वह एक खाली प्लॉटी में लगाई गई तारों से जा टकराया और वहीं पर गिर गया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद लुटेरा लोगों की मार से बचने के लिए सड़क पर लेट गया और बेहोशी का नाटक करने लगा। लोगों ने मौके पर पुलिस को फोन कर बुलाया। पुलिस उसे जीप में डालकर थाने ले गई। लूट की वारदात को अंजाम देने वाला युवक नशे का आदी है। अभी तक बेहोशी की नाटक करते हुए उसने अपना नाम नहीं बताया, लेकिन लोगों ने जब पुलिस के सामने उसकी जेबों की तलाशी ली तो उसकी जेब से नशे के 2 टीके भरे हुए मिले। इसके अलावा उसकी जेब से लोगों के छीने हुए 3 मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। कोट किशन चंद (किशनपुरा चौक) में दुकान करने वाले दर्शन लाल ने बताया कि वह अपनी दुकान के बाहर सड़क पर खड़ा था। इतने में लुटेरा स्कूटी नंबर PB08-DK-3387 पर उसके नजदीक आया। उसने नजदीक आते ही कुर्ते की ऊपर वाली जेब पर हाथ मारा और मोबाइल फोन छीन कर भाग गया। दुकानदार ने कहा कि उन्होंने लड़के को तुरंत बाइक निकाल कर पीछा करने के लिए कहा। जब सिर पर लाल रंग की टोपी लगाए लुटेरे का पीछा किया तो यह अंबिका कॉलोनी में घुस गया और एक गली के मोड़ पर गिर गया। दर्शन लाल ने बताया कि लुटेरे की जेब से उनका मोबाइल बरामद हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *