MUMBAI : राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मुंबई पोर्ट से एक कंटेनर में छुपाकर लाई जा रही 25 किलो हेरोइन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 125 करोड़ आंकी गई है। यह रेड ऐसे वक्त में सामने आई है, जब क्रूज पर ड्रग्स पार्टी केस में गिरफ्तार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान का मामला मीडिया की सुर्खियों में छाया हुआ है। इस मामले में डीआरआई ने नवी मुंबई इलाके से 62 वर्षीय जयेश सांघवी नाम के एक बिजनेसमैन को गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट ने 11 अक्टूबर तक डीआरआई की हिरासत में भेजा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेरोइन लाने के लिए तस्करों ने अनोखी तरकीब निकाली। उन्होंने ईरान से लाए जा रहे कंटेनर में कथित तौर पर मूंगफली के तेल की खेप के बीच हेरोइन छिपा दी थी। हालांकि, राजस्व खुफिया विभाग ने छापा मारकर हेरोइन बरामद कर ली।