सिर्फ एक यात्री के मास्क न पहनने से लंदन जाने वाला विमान बीच यात्रा से वापस लौट गया। अमेरिका के मयामी से लंदन जा रही फ्लाइट 40 वर्षीय महिला के मास्क न पहनने की जिद्द के कारण बीच रास्ते से वापस लौट गई। विमान में 129 यात्री और 14 क्रू मेंबर सवार थे। महिला यात्री ने विमान के उड़ान भरने के बाद मास्क पहनने से मना कर दिया। पायलट 90 मिनट की उड़ान के बाद विमान को वापस मयामी ले आया।विमान यात्रा के दौरान नियमों की अनदेखी करने के मामले में एयरपोर्ट प्रशासन ने जांच पूरी न होने तक महिला की विमान यात्रा पर रोक लगा दी है। विमान में सवार दूसरे यात्रियों को दूसरे विमान से बाद में उनके गंतव्य स्थान तक भेजा गया।मास्क न पहनने और विमान के वापस लौटने की सूचना के बाद मयामी के स्थानीय अधिकारी एयरपोर्ट पहुंच गए। पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि महिला के मास्क न पहनने के बाद विमान के वापस लौटने का मामला सामने आया है। इस मामले में महिला की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एयरपोर्ट प्रशासन अपने स्तर पर इस मामले से निपट रहा है।