महिला के हाथ में पकड़ा हुआ मोबाइल छीन कर झपटमार फरार

जालंधर, थाना रामामंडी के अधीन पड़ती श्री गुरु रविदास रोड के पास बाइक सवार झपटमारों ने दंपति से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बाइक सवार पति पत्नी शॉपिंग करके घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार दो झपटमार महिला के हाथ में पकड़ा हुआ मोबाइल फोन झपट कर फरार हो गए। घटना आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची थाना रामामंडी की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित बलवीर सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से शापिंग करके श्री गुरु रविदास रोड से अजीत नगर 8 नंबर गली की तरफ जा रहे थे। पीछे से दो मोटरसाइकिल सवार झपटमार आए और पत्नी के हाथ में पकड़ा हुआ मोबाइल छीन कर लंबा पिंड चौक की तरफ फरार हो गए। उन्होंने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए उन्होंने व इलाके के लोगों ने पीछा भी किया मगर तब तक वह फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही भाजपा नेता किशन लाल शर्मा, हरजिंदर सिंह भाजपा नेता मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सारी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रोड पर पिछले कई दिनों से लूट की वारदातें हो रही हैं मगर पुलिस उन्हें ट्रेस नहीं कर सकी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में बढ़ रही चोरी व लूट की वारदातों पर नकेल कसी जाए और इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस के हाथ लुटेरों की सीसीटीवी फुटेज भी लग चुकी है अब देखना है कि पुलिस इन्हें कब तक पकड़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *