कहा – पंजाब की घुटन और असहाय स्थिति देखी नहीं जा रही
CHANDIGARH : पंजाब में कांग्रेस को आज एक और झटका लगा जब पूर्व मंत्री और विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए। फिरोजपुर के गुरूहरसहाय से विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे को ट्विटर पर पोस्ट करने के साथ लिखा है कि उनसे पंजाब की घुटन और असहाय स्थिति देखी नहीं जा रही।
कांग्रेस ने प्रदेश की सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भावना दांव पर लगा दी है। इसलिए गहरे दुख के साथ वह कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि कांग्रेस की धर्म निरपेक्ष छवि पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। कांग्रेस में यह आंतरिक कलह पंजाब में खतरनाक स्थिति पैदा कर रही है। सोढ़ी दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों गजेंद्र सिंह शेखावत और भूपेंद्र यादव की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने पंजाब के हित में यह फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही पंजाब को बचा सकते हैं।