बुक रीडिंग मैराथन में 700 लोगों ने पढ़ी किताबें और दिया फीडबैक

GOPALGANG : डिजिटल युग में लोगों के किताबों के प्रति दिलचस्पी बढ़ाने का बिहार के गोपालगंज में एक अनूठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां 700 से अधिक लोगों ने एक साथ एक जगह पर बैठकर दो घंटे तक किताबें पढ़ी। इस बुक रीडिंग मैराथन में लोगों ने किताबें पढ़ी और फीडबैक भी दिया।
गोपालगंज के पंचदेवरी रीडिंग मैराथन क्लब की ओर से आयोजित इस अनोखे कार्यक्रम का उद्देश्य किताबों से विमुख हो रहे लोगों को फिर से किताबों से जोड़ने के लिए प्रेरित करना है। जामुनहां इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 15 दिन पहले ऑनलाइन निबंधन कराया गया था। कार्यक्रम में कुल 721 लोगों ने अपनी पसंद की पुस्तकें पढ़ी। जो लोग अपने साथ पुस्तक लेकर आए थे, उन्होंने अपनी पुस्तक पढ़ी और जो लोग पुस्तक नहीं लाए थे, वे कार्यक्रम स्थल पर लगे पुस्तक स्टॉल से पुस्तकें खरीद कर पढ़े।
सबसे बढ़िया बात रही कि इस दौरान सभी के मोबाइल फोन बंद करवा दिए गए थे, जिससे किसी प्रकार का व्यवधान नहीं हो। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी और इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ दुर्गाचरण पांडेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रविवार को 12 बजे से शुरू इस रीडिंग मैराथन में लोगों ने शांत वातावरण में दो घंटे तक किताबों का अध्ययन किया। किताबों के अध्ययन के बाद लोगों ने इस कार्यक्रम को लेकर अपना फीडबैक दिया। रीडिंग मैराथन क्लब के लोगों ने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले अधिकांश लोगों ने इस कार्यक्रम की सराहना अपने फीडबैक में दी है, तथा ऐसे कार्यक्रम बराबर आयोजित करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *