NEW DELHI : कई बार ऐसा होता है कि नेताओं और सेलिब्रिटी के चाहने वाले अपने बच्चों का नाम उनके नाम पर रख देते हैं। स्वीडन से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जब एक कपल ने अपने नवजात बेटे का नाम रूस के राष्ट्रपति ‘व्लादिमीर पुतिन’ के नाम पर रख दिया है। हालांकि जैसे ही स्वीडन सरकार को इस बात का पता चला तो उन्होंने उस नाम को रखने पर कपल पर बैन लगा दिया है। दरअसल, यह घटना स्वीडन की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यहां के लाहोम शहर में रहने वाले एक कपल ने अपने बच्चे का नाम रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नाम पर रख दिया।
जानकारी के मुताबिक ये कपल रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का फैन है और इन्होंने पहले से ही तय कर रखा था कि अगर उनको बेटा होगा तो नवजात का नाम व्लादिमीर पुतिन ही रखा जाएगा।
लेकिन यह नाम रखना इस कपल को काफी महंगा पड़ गया। जैसे ही स्वीडन सरकार को इस बात का पता चला स्थानीय प्रशासन ने आदेश दिया कि कपल द्वारा रखे गए इस नाम को बैन किया जाए और यह नाम बदलवाया जाए। स्थानीय प्रशासन ने इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि स्वीडन के कानून के हिसाब से बच्चों का नाम विवादित नहीं होना चाहिए ना ही वो नाम किसी बड़े सेलिब्रिटी के नाम पर होना चाहिए।