फोटोग्राफी की दुकानें भी सोमवार से शुक्रवार तक खोलने की अनुमति दी जाए – जालंधर फोटोग्राफ क्लब

जालंधर फोटोग्राफर क्लब के सदस्यों ने प्रधान सुखविंदर नंदरा के नेतृत्व में ADC जसबीर सिंह को ज्ञापन देकर कर शहर में फोटोग्राफी की दुकानों को सोमवार से शुक्रवार तक खोलने की अनुमति की मांग की। इस मौके क्लब के सदस्यों ने बताया कि लॉकडाउन के चलते पिछले काफी समय से उनका कारोबार बिल्कुल बंद रहा है और अब शादी समारोह में सीमित संख्या के चलते उनका कामकाज प्रभावित है। ऐसे में उन्हें स्टाफ को वेतन देने दुकानों का किराया अदा करने तथा बैंक की ईएमआई इत्यादि का भुगतान में कई प्रकार की परेशानी व दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार केवल आवश्यक उत्पाद की दुकानें, जिसमें मैडिसिन, फल ​​और सब्जियां और डेयरी आदि शामिल हैं, को खोलने की अनुमति दी है। लेकिन फ़ोटोग्राफ़ी भी आवश्यक काम में आती है, जिसके चलते बहुत से लोगों को कोर्ट, बैंकों और अन्य सरकारी काम के लिए पासपोर्ट साईज की फोटो की आवश्यकता होती है। इसके साथ साथ हर प्रकार के कार्य यहां तक ​​कि फोटोग्राफरों को विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यों के लिए भी आवश्यक है। क्लब के सदस्यों ने कहा कि फोटोग्राफरों ने सदैव सरकार के नियमों का पालन किया है, जिसके मद्देनजर सरकार को भी उनके प्रति हमदर्दी वाला रवैया अपनाते हुए उनकी दुकानों को सोमवार से शुक्रवार तक खोले जाने की अनुमति देनी चाहिए। इस मौके क्लब के प्रधान सुखविंदर नंदरा के साथ अशोक नागपाल, बृज अरोड़ा, बलवीर सिंह, अरविंदर पाल सिंह चावला, संदीप तनेजा, सुरजीत सिंह, पवन कुमार, जगदीश, राजीव लूथरा, गुरमीत सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *