फुटबॉल खिलाड़ी पेले के सम्मान में ब्राजील के राष्ट्रपति ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया

Buenos Aires : ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो ने तीन बार के विश्व फुटबॉल चैंपियन रहे पेले के सम्मान में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। सीएनएन ब्रासिल रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।
ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का गुरुवार देर रात 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी बेटी कैली नैसिमेंटो ​​​​​ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। पेले कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दुनिया में फुटबॉल के बेताज बादशाह या फिर फुटबॉल के जादूगर कोलन कैंसर से पीड़ित थे और उनके शरीर के अधिकतर अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। इससे पहले दिन में श्री बोलसोनारो ने पेले के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि फुटबॉल के इस महान खिलाड़ी ने दुनिया में ब्राजील को नयी ऊंचाई पर पहुंचाकर नाम रोशन किया है। बोल्सोनारो ने ट्वीट किया, “पेले ने हमेशा फुटबॉल को एक कला और अपने आनंद के तौर पर देखा है।”
गौरतलब है कि सितंबर 2021 में पेले को कोलन ट्यूमर का पता चला था। इस वर्ष में उन्हें तीन ट्यूमर और मूत्राश्य में संक्रमण हाेने पर इलाज के लिए दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पेले को 30 नवंबर को दिल से संबंधित परेशानी सहित शरीर में सूजन आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बाद में यह बताया गया कि पेले को कीमोथेरेपी दी गयी जिसका कोई संतोषजनक परिणाम सामने नहीं आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *