बीते दो सप्ताह से कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। सोमवार को सामने आए आंकड़े में बीते एक दिन में 46,951 केस मिलने की बात सामने आई है। पिछले साल आज ही के दिन यानी 22 मार्च को पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जनता कर्फ्यू लगा था और यही महीनों चले लॉकडाउन के ट्रेलर जैसा था। उस दौर की बात करें तो भारत में तब कोरोना ने दस्तक दी ही थी और 21 मार्च, 2020 तक 360 केस सामने आए थे। इनमें भी 41 मामले विदेशियों के थे। उसी दौर में पीएम नरेंद्र मोदी ने जनता कर्फ्यू की अपील की थी, जिसे जनता ने पूरा सहयोग दिया था। देश भर में सड़कें पूरी तरह सूनी पड़ी थीं और लोग अपने घरों में थे ताकि कोरोना बाहर ही रहे। लेकिन अब नई लहर पिछले साल से भी ज्यादा कहर बरपाती दिख रही है, जिसने एक बार फिर से 2020 में लगी पाबंदियों के दिनों की यादें ताजा कर दी हैं। जनता कर्फ्यू के एक साल पूरा होने के मौके पर यह जानना जरूरी है कि आखिर कोरोना से जंग में हम कहां तक पहुंचे हैं।