इस्लामाबाद, T-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार के बाद से पाकिस्तानी टीम की जमकर आलोचना हो रही है. सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) टीम के बचाव में आए हैं. उन्होंने हार-जीत को खेल का हिस्सा बताते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन को संतोषजनक करार दिया है. हालांकि, ये बात अलग है कि इमरान की पूर्व पत्नी ने इस हार के लिए उनकी ‘जिद’ को दोषी ठहराया है. इमरान खान (Imran Khan) की जिद से पहले जानते हैं कि उन्होंने खिलाड़ियों के बचाव में क्या कहा. प्रधानमंत्री खान ने अपने ट्वीट लिखा, ‘बाबर आजम और उनकी टीम के लिए… मैं जानता हूं कि आप सभी इस वक्त कैसा महसूस कर रहे होंगे क्योंकि क्रिकेट के मैदान पर इस तरह की निराशा का सामना मैंने भी किया है. लेकिन आपने जिस तरह का क्रिकेट खेला है और अपनी जीत में जो विनम्रता दिखाई है, उस पर आपको गर्व होना चाहिए. बधाई हो टीम ऑस्ट्रेलिया’.