रैली में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने किए थे कडे प्रबंध
कालांवाली, (पवन शर्मा)-सरकार द्वारा लाए जा रहे तीन अध्यादेश के विरोध में पिपली कुरूक्षेत्र में प्रस्तावित मंडी बचाओ-किसान बचाओ रैली में भाग लेने जा रहे व्यापारियों, किसानों व मजदूरों को ओढां कैंचियों पर ही रोक लिया। इसके अलावा अन्य गांवो में भी पुलिस प्रशासन ने किसानों को गांवो की सीमाओं पर नाकेबंदी कर वहीं पर ही रोक दिया जिसके चलते उन्होंने सडक पर दरियां आदि बिछा कर सरकार का विरोध किया।
कालांवाली से न्यू आढती एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप जैन, कच्चा आढती एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र जैन की अगुवाई में काफी संख्या में आढती व मजदूर कारों व एक बस में मंडी बचाओ-किसान बचाओ रैली में भाग लेने के लिए अनाज मंडी से पिपली के लिए रवाना हुए थे। ये गाडियां ओढां कैंचियों पर पहुंची थी कि वहां पर पुलिस ने उनको रोक लिया और आगे नहीं जाने दिया। ओढां कैंचियों पर डयूटि मैजिस्टेट तहसीलदार भूवनेश कुमार, डीएसपी नर सिंह व थाना प्रभारी सत्यावान की देखरेख में भारी संख्या मेंपुलिस बल तैनात थी। पुलिस द्वारा रैली में जाने से रोकने पर व्यापारियों ने नारेबाजी कर इसका विरोध जताया। प्रधान प्रदीप जैन ने कहा कि सरकार उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, सरकार कोरोना का नाम देकर रैली पर रोक लगा रही है परंतु दूसरी तरफ राजनीतिक पार्टियां बडे-बडे कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उन पर कोई रोक लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ये सब सरकार की साजिश है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को अपनी नीतिया लागू करनी है तो वे पहले सभी को रोजगार उपलब्ध करवाए। प्रधान महेंद्र जैन ने कहा कि आढतियों व किसानों को वर्षों पुराना रिश्ता है लेकिन सरकार अपनी गलत नीतियां लागू कर इस पुराने रिश्तें को तोडना चाहती है।