आदमपुर (जालंधर), (रोजाना आजतक)-लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू ने आज आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में 1.52 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया, जहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की श्रृंखला शुरू की। इन कार्यों में इस हलके के अंतर्गत आने वाले गांवों में नई सड़कों, जल-आपूर्ति प्रणाली और नए जलाशयों का निर्माण शामिल है।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को उन्नत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस उद्देश्य के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में जो विकास कार्य शुरू किये गये हैं, वैसी बयार पहले कभी नहीं देखी गयी रिंकू ने धंधौरी, धंडौर, सलाल, हरिपुर और किशनपुर सहित कई गांवों में विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना इन गांवों में रहने वाले लोगों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करेगी।
जन सभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि राज्य की जनता ने पुरानी परंपराओं को तोड़कर आम आदमी पार्टी को राज्य की कमान सौंपी है, जिसके बाद पंजाब सरकार ने ऐसे कार्य किये हैं, जिसने सभी का दिल जीत लिया है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार गांवों को शहरों की तरह विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत राज्य सरकार द्वारा पहले ही कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की गई हैं।उन्होंने गांवों में नई परियोजनाएं शुरू करके ग्रामीण बुनियादी ढांचे को पुनर्जीवित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लोगों से राज्य सरकार की अनूठी पहल ‘आप दी सरकार आप दे द्वार’ में भाग लेने का भी आग्रह किया ताकि नागरिक सेवाओं का लाभ घर के नजदीक उठाया जा सके।