पंजाब में महंत की हत्या का मामला आया सामने, खून से लथपथ मिला शव

पंजाब में हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद अब महंत की हत्या का मामला सामने आया है। मोहाली जिले के गांव बुढ़नपुर में चार दशक से कुटिया में रहने वाले महंत शीतल दास (70) की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। महंत पर तेजधार हथियारों से वार किया गया है। गांव की महिलाओं ने सुबह महंत का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

शक है कि इलाके में सक्रिय भैंस चोर गिरोह के सदस्यों ने वारदात को अंजाम दिया है। महंत शीतल दास मूलरूप से फतेहगढ़ साहिब जिले के एक गांव के रहने वाले थे। वह बीते करीब 42 साल से गांव बुढ़नपुर के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के पीछे महंत सावन दास की समाधि के पास एक झोपड़ी में रहते थे। घटनास्थल पर डीएसपी से लेकर सभी बड़े पुलिस अधिकारी पहुंचे। इंस्पेक्टर करमजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। इलाके के लोगों ने बताया कि महंत शीतल दास के नाम करीब तीन बीघा जमीन थी लेकिन वह गांव से भीख मांगकर अपना पेट भरते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *