पंजाब में बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा शुरू ,सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वर्चुअल ढंग से की शुरूआत

जालंधर,(विशाल)- महिला सशक्तिकरण की तरफ बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वीरवार को राज्य में चलने वाली सभी सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर करने की सुविधा का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 85 प्रतिशत रिकार्ड वादे पूरी करने की बात करते हुए कहा, ‘‘इससे हमने एक और चुनाव घोषणा-पत्र का वादा पूरा कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 100 प्रतिशत वादों को पूरा करने की तरफ आगे बढ़ रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में जिन राज्यों में चुनाव हो रहा हैं, उनमें भी दूसरी पार्टियों की तरफ से महिलाओं को मुफ्त बस सफर के वादे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि हर कोई महिला सशक्तिकरण की बात करता है, लेकिन पंजाब सरकार ने ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। वास्तव में उनकी सरकार ने महिलाओं के लिए टिकट दरों में 50 प्रतिशत कटौती का वादा किया था, लेकिन इससे भी एक कदम आगे बढ़ते हुए इस सुविधा को बिल्कुल मुफ्त कर दिया गया है। उन्होंने निजी बस आपरेटरों को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए दरें घटाने की अपील की है।इस मुफ्त सफर स्कीम का राज्य में 1.31 करोड़ महिलाओं और लड़कियों को फायदा होगा। सभी महिलाएं चाहे वह कोई भी वित्तीय रुतबा रखती हों, सिर्फ आधार कार्ड या वोटर कार्ड या कोई भी योग्य शिनाख्ती कार्ड दिखाकर सभी गैर एसी बसों और राज्य में चलने वाली बसों में मुफ्त सफर कर सकती हैं।महिलाओं के खिलाफ जुर्म को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और परिवहन विभाग वाहनों की ट्रेकिंग के लिए सभी सरकारी और निजी बसों में जीपीएस सिस्टम लगाने जा रहा है। इसके इलावा आपात हालत के लिए पैनिक बटन होगा। सरकारी बसों में यह प्रक्रिया मुकम्मल होने वाली है और निजी आपरेटरों को 31 अगस्त तक पूरा करने के लिए कहा गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *