मोगा/जालंधर, भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शहीदी पार्क में शहीद हुए स्वयं सेवकों के नमित मोगा जिलाध्यक्ष सीमन्त गर्ग की अध्यक्षता आयोजित किए गए श्रद्धांजलि समागम में विशेष रूप से पहुँच कर शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। शर्मा ने कहा कि शहीदों के खून से रक्तरंजित मोगा की पावन धरती किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं है। पंजाब में आंतकवाद को हराने में पंजाबियों ने मिलकर हराया और हिन्दू-सिख एकता को बरकरार रखा। इस अवसर पर अश्वनी शर्मा के साथ केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता आदि भी उपस्थित थे।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि 25 जून 1989 को तत्कालीन नेहरू पार्क में रविवार की सुबह आरएसएस की शाखा लगी हुई थी कि अचानक ताबड़-तोड़ गोलियां चलने लगी। एके-47 से लैस आंतकवादियों ने निहत्थे स्वयं सेवकों पर गोलियों की बरसात कर दी। इसमें पंजाब की मिटटी के 25 सपूत सदा के लिए सो गए। स्वयं सेवकों ने फिर भी हौसला नहीं हारा और अपनी बहादुरी की मशाल को कायम रखते अगले दिन फिर उसी स्थान पर शाखा लगाई तथा इस स्थान का नाम नेहरू पार्क से शहीदी पार्क कर दिया।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लगभग सौ वर्षों से राष्ट्र को वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत पर चलते हुए आपसी एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता, भारतीय संस्कृति और जीवन शैली जैसे अनेकों विषयों पर लाखों करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत का कार्य कर रहा है और मैं सभी स्वयंसेवकों को दिल से नमन करता हूँ। भारतीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा देश धर्म और समाजहित्त के कार्यों और 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधने के लिए जो कार्य किए हैं वह अत्यंत प्रशंसनीय एवं सराहनीय हैं। राष्ट्र विरोधी शक्तियों, राक्षसी व अमानवीय प्रवृत्ति के धारणी व्यक्तियों व संगठनों की नज़रों में संघ का हर एक कार्यकर्ता खटकता रहता है और अब तक हजारों लाखों स्वयंसेवकों ने अपनी प्राणों की आहुति देकर भी भारत माता का मस्तक विश्व मंच पर सर्वोच्च स्थान पर रखने में सफलता प्राप्त की है। अश्वनी शर्मा ने सभी भारत की एकता व अखंडता के लिए शहीदों के दर्शाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।