नैशनल हाईवे अथॉरिटी की योजनाओं से संबंधित किसानों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा- कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह

जालंधर, पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर किसानों द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं और मुआवजे के लंबित मामलों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।

आज स्थानीय सर्किट हाउस में दोआबा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से प्रभावित किसानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

बैठक के दौरान जिसमें नकोदर से विधायक इंदरजीत कौर मान, डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल, चेयरमैन राजविंदर कौर थियाडा भी मौजूद थे, कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों के भूमि अधिग्रहण मामलों में मुआवजे में अंतर और पानी के संदूषण की शंका को दूर करने के लिए आपसी सहमति से तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने किसानों के दिल्ली-कटरा, अमृतसर-बठिंडा और जालंधर रिंग रोड परियोजनाओं के संबंध में डिवीज़नल कमिश्नर के पास लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने का भी निर्देश दिया।

किसानों द्वारा पानी के प्राकृतिक प्रवाह में रुकावट को लेकर उठाये गये मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन ने पहले ही संबंधित एस.डी.एम के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई गई है, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, ड्रेनेज विभाग के अधिकारी भी शामिल है।उन्होंने कहा कि समिति संबंधित किसानों से बात कर उनकी चिंताओं का समाधान करे और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *