नई दिल्ली, देश में कोरोना के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रही हैं. हर रोज 5 हजार से अधिक नए मामले दर्ज किये जा रहे हैं. वहीं देश में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़ गई है. बीते सप्ताह यानी कि रविवार तक देश में 36 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किये गए. कोरोना केस में 79 फीसदी की वृद्धि हुई है, जो लगभग सात महीनों में सबसे ज्यादा है. क्योंकि वायरस अब उन राज्यों में भी फैलने लगा है, जहां पिछले सप्ताह तक मामले अपेक्षा के हिसाब से कम थे. हालांकि राहत की बात यह है कि कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या कम है लेकिन धीरे-धीरे बढ़ रहा है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 3 अप्रैल से 9 अप्रैल तक कोरोना वायरस से 68 मौतें हुई हैं. जबकि उससे पहले वाले सप्ताह में 41 मौतें थीं. वहीं केरल में अब तक के सबसे अधिक नए मामले 11,296 दर्ज किए गए हैं, जो पिछले सप्ताह की तुलना में 2.4 गुना अधिक है. इसके बाद महाराष्ट्र में 4,587 मामले दर्ज किये गए, दिल्ली में 3,896 केस, हरियाणा में 2,140 और गुजरात में 2,039 मामले दर्ज हैं. वहीं चिंताजनक बात यह है कि उन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में संख्या तेजी से बढ़ी जहां अब तक मामले अपेक्षाकृत कम थे.