मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में आज दिग्गज एनबीएफसी ऑटम इनवेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर ( Authum Investment & Infrastructure) के शेयरों में मामूली तेजी रही। हालांकि निवेशकों के लिए चार साल में यह शानदार निवेश साबित हुआ है और महज 48 हजार रुपये के निवेश पर करोड़पति बना दिया। आज यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था। मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई लेकिन यह ग्रीन जोन में बना रहा। डेढ़ रुपये का यह शेयर चार साल में उछलकर अब 325 रुपये में है। आज यह बीएसई पर 0.12 फीसदी उछलकर 325 रुपये (Authum Share Price) पर बंद हुआ है।
48 हजार के निवेश पर Authum ने बनाया करोड़पति
ऑटम के शेयर 18 मार्च 2019 को महज 1.55 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 325 रुपये पर है यानी कि महज चार साल में निवेशकों की पूंजी 20868 फीसदी बढ़ गई और महज 48 हजार रुपये के निवेश पर निवेशक करोड़पति बन गए। ऑटम के शेयरों ने न सिर्फ लॉन्ग टर्म में बल्कि कम टाइम फ्रेम में अच्छा रिटर्न दिया है। पिछले साल 20 जून 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 134 रुपये पर थे। इसके बाद एक साल से भी कम समय में यह 147 फीसदी उछलकर आज 13 जून 2023 को 331 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।