जालंधर, जालंधर लोकसभा उप चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार बंद हो गया है। अब प्रचार डोर टूर डोर किया जाएगा। आज 8 मई को शाम 6 बजे के बाद से चुनाव प्रचार बंद कर दिया गया है। अब 5 से अधिक व्यक्तियों के साथ जनसभा करने पर पाबंदी लग गई है। इस दौरान केवल 4 व्यक्तियों के साथ डोर-टू-डोर जाकर प्रचार किया जा सकेगा। गौरतलब है कि जिन राजनीतिक नेताओं, अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का वोट जालंधर जिले में नहीं है, उन्हें 8 मई को शाम 6 बजे से 10 मई को मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक लोकसभा क्षेत्र से बाहर रहना होगा। डी.सी. द्वारा इसको लेकर पहले ही आदेश जारी कर दिए गए थे। आदेशों के अनुसार मतदान के दिन कोई भी राजनीतिक दल पोलिंग स्टेशन के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं करेगा। इसी तरह जिले में 8 मई शाम 6 बजे से 10 मई तक वोटिंग तक ड्राई डे रहेगा और शराब की बिक्री नहीं होगी। आपको बता दें 10 मई बुधवार को चुनाव होने जा रहा हैं और इसके नतीजे 13 मई को आएंगे। चुनावों के मद्देनजर 9 व 10 मई को जालंधर के स्कूल, कालेज व सरकारी दफ्तरों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है।