जालंधर छावनी, (विशाल रोजाना आजतक)-जालंधर कैंट के लालकुर्ती क्षेत्र में बाद दोपहर 11वीं के छात्र की उसी के घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई। छात्र की पहचान अरमान पुत्र दविंदर कुमार रूप में हुई। सूचना मिलते ही एसीपी कैंट मेजर सिंह थाना पुलिस के साथ पहुंचे। अरमान के पिता दविंदर कुमार फ्रांस में रहते हैं और उसकी माता अपनी छोटी बेटी के साथ हिमाचल प्रदेस में अपने मायके गई थी।अरमान की चाची जसप्रीत ने बताया कि वह दोपहर 2:00 बजे बाजार में शॉपिंग करने गई हुई थी। उस समय अरमान घर में अकेला था और जब वह शाम 4:30 बजे के करीब वापस आए तो उसी समय पड़ोस में रहने वाला सौरव उसे फुटबॉल खेलने के लिए बुलाने घर पर आ गया। जब सौरभ ने ऊपर जाकर देखा तो अरमान कुर्सी पर लहूलुहान बेसुध पड़ा था। शोर मचाने पर इलाके के लोग एकत्रित हो गए और उसे तुरंत अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसीपी मेजर सिंह ने बताया कि अरमान के घर पर कोई युवक हर रोज आता था। वह घर की दीवार फांद कर आता था। उन्होंने बताया कि उस युवक का नंबर निकलवाया जा रहा है। वहीं घर के पास कोई सीसीसीटी कैमरा नहीं लगा था लेकिन थोड़ी दूरी पर कैमरे लगे हुए थे। उनमें घर पर आने वाला युवक नजर तो आ रहा है लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है ।