जालंधर, पंजाब पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करते हुए मंगलवार को जालंधर में करतारपुर के पास एक विशेष चेकिंग के दौरान 55 किलो अफीम बरामद करने के बाद एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान अमृतसर के जंडियाला गुरु के गांव देवीदासपुर निवासी युद्धवीर सिंह उर्फ योद्धा के रूप में हुई है। युद्धवीर अपराधी घोषित किया गया था और एनडीपीएस के विभिन्न मामलों में वांछित था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक टोयोटा अर्बन क्रूजर कार भी बरामद की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP-14- EU-8399 है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि नशों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस की सीआईए विंग ने करतारपुर-किशनपुरा रोड पर नाका लगाया था। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान युद्धवीर द्वारा चलाई जा रही अर्बन क्रूजर कार को रोका और उसके पास से 55 किलो अफीम बरामद की. हालांकि युद्धवीर का साथी अमृतसर निवासी पलविंदर सिंह उर्फ सनी मौके से फरार हो गया।