जालंधर,(विशाल) चाइनीज डोर के इस्तेमाल को लेकर पावरकाम ने लाइनमैन को हिदायत जारी की है, जिसमें कहा गया है कि अगर तार से डोर लटक रही है या बीच में फंसी हुई है तो उसे जल्द से जल्द उतारा जाए। पावरकाम के नार्थ जोन के चीफ इंजीनियर जैन इंद्र दानिया ने कहा है कि अगर बिजली की तारों से डोर लटक रही है तो उसे हाथ ना लगाएं और तुरंत हेल्पलाइन या संबंधित पावरकाम के कार्यालय में संपर्क करें। इसके साथ ही उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1912 में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि चाइनीज डोर काफी खतरनाक है और जरूरी है कि इस पर पुलिस प्रशासन जल्द रोक लगाए। बच्चों को चाहिए कि अगर बिजली की तार पर डोर लटक रही है, तो उसे उतारने के लिए किसी लोहे की वस्तु का इस्तेमाल न करें और न ही नंगे हाथों से डोर को पकड़ें। दानिया ने कहा कि लाइनमैन को हिदायतें जारी कर दी गई हैं। अगर किसी उपभोक्ता की शिकायत आती है कि बिजली की तार पर चाइना डोर लटक रही है तो उस तार को डोर से जल्द से जल्द मुक्त कराया जाएगा, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके।