क्रिकेटर मुनाफ पटेल के बैंक खाते सीज, लोगों के पैसे नहीं लौटाने पर कार्रवाई

NOIDA : 2011 वर्ल्ड कप की जीत के हीरो रहे क्रिकेटर मुनाफ पटेल मुश्किलों में फंस गए हैं। जानकारी है कि उनके 2 बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) द्वारा जारी वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) के आधार पर गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मुनाफ पटेल के दो बैंक खातों को सीज कर 52 लाख रुपये की वसूली की गई है। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। मुनाफ पटेल बिल्डर कंपनी ‘निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’ में निदेशक हैं। यूपी रेरा ने मुनाफ पटेल की कंपनी द्वारा निवेशकों की रकम नहीं लौटाने के आरोप में यह कार्रवाई की है।जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर सुहास एलवाई ने बताया कि ‘यूपी रेरा’ की आरसी पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मुनाफ पटेल भी उस कंपनी में निदेशक हैं।
विधिक सलाह के बाद राजस्व टीम ने बैंक खाता सीज कर आरसी का पैसा वसूला है। उन्होंने बताया कि बकाया धनराशि की वसूली का भी प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-10 में ‘निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के तहत ‘वनलीफ ट्रॉय’ नामक एक परियोजना पर काम हो रहा है जिसके खरीदारों ने परियोजना समय पर पूरा नहीं होने पर यूपी रेरा में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर सुनवाई के बाद यूपी रेरा ने बिल्डर के खिलाफ आदेश जारी किया था। उन्होंने बताया कि आदेश का पालन नहीं करने पर यूपी रेरा ने बिल्डर को आरसी जारी कर दी थी। जिला प्रशासन के पास बिल्डर के खिलाफ 10 करोड़ रुपये की 40 से अधिक आरसी लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *