कौंसिल व नगर पंचायत चुनाव को लेकर पहले दिन केवल आठ प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन

जालंधर, (विशाल)-14 फरवरी को जिले के आठ हलकों में होने वाले नगर कौंसिल व नगर पंचायतों के चुनावों को लेकर शनिवार को पहले दिन नामांकन पत्र दाखिल करवाने को लेकर सुस्ती रही। इन आठ हलकों के कुल 110 वार्डो के लिए शनिवार को केवल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। यह सभी उम्मीदवार फिल्लौर हलके से ही रहे। खास बात यह है कि अधिकतर राजनीतिक पार्टियों ने अभी तक अपने उम्मीदवार भी घोषित नहीं किए हैं।डीसी घनश्याम थोरी बताते हैं कि आदमपुर, अलावलपुर, करतारपुर, फिल्लौर, नूरमहल व नकोदर में नगर कौंसिल और लोहियां खास व महितपुर की नगर पंचायत के चुनाव 14 फरवरी को संपन्न करवाए जाएंगे। इसके लिए तीन फरवरी तक ही नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। इनकी पड़ताल चार फरवरी व प्रत्याशियों द्वारा पांच फरवरी तक नामांकन पत्र वापस लिया जा सकेगा। चुनाव परिणाम 17 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 12 फरवरी तक ही चुनाव प्रचार किया जा सकता है। चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़ेंगे अकाली दल के प्रत्याशीअकाली दल ने अपने प्रत्याशी घोषणा करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। वह उन्हें पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं, बल्कि आजाद रूप से चुनाव लड़ाने के मूड में है। संभावित प्रत्याशियों को इस बात के संकेत दे दिए गए हैं। उधर, अधिकतर राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा ही नहीं की है। कांग्रेस ने करतारपुर में प्रत्याशियों की घोषणा जरूर की है, लेकिन ज्यादातर नगर कौंसिल में अभी तक इसकी घोषणा नहीं की गई है। चुनाव में कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी की हैं। आम आदमी पार्टी ने अपने कई जगह प्रत्याशी घोषित किए हैं। हालांकि, सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची तैयार कर चुके हैं, लेकिन बगावत के डर से इनकी घोषणा में देरी की जा रही है। विधानसभा चुनाव में करीब एक साल बचा है। ऐसे में राजनीतिक दल इस दुविधा में हैं कि यह चुनाव अपने सिबल पर लड़ा जाए या नहीं। नगर कौंसिल चुनाव के नतीजे भविष्य के चुनावों को भी प्रभावित कर सकते हैं। फैक्ट फाइल

– 3 फरवरी तक होगें नामांकन

– 4 फरवरी को होगी पड़ताल

– 5 फरवरी तक वापस ले सकते है नामांकन

– 12 फरवरी शाम पांच बजे तक हो सकेगा प्रचार

– 14 फरवरी को होंगे चुनाव

– 17 फरवरी को होगी विजेताओं की घोषणा

– 1.15 लाख के करीब होंगे वोटर

– 6 नगर कौंसिल व 2 नगर पंचायतों के होंगे चुनाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *