कोरोना वायरस हर रोज अपना रिकॉर्ड तोड़ रहा है. गुरुवार देर रात भारत में कोरोना का अब तक का सबसे बड़ा अटैक हुआ. 24 घंटे में देशभर में कुल 1 लाख 31 हजार 968 नए पॉजिटिव केस मिसे. इस दौरान 780 मरीजों की जान चली गई. हालांकि 61 हजार 899 लोग कोरोना से ठीक भी हुए. इससे एक दिन पहले 1 लाख 26 हजार 265 लोग संक्रमित हुए थे. गुरुवार तक 9 करोड़ 43 लाख 34 हजार 262 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है. इसी के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 करोड़ 30 लाख 60 हजार 542 हो गया है. इनमें 1 करोड़ 19 लाख 13 हजार 292 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 67 हजार 642 मरीजों की मौत हो गई. 9 लाख 79 हजार 608 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है. देश में कोरोना से ठीक होने की दर घटकर 91.67 फीसदी और एक्टिव मामलों की दर बढ़कर 7.04 प्रतिशत हो गई है. कोरोना डेथ रेट घटकर 1.29 फीसदी रह गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में 12 ऐसे राज्य हैं, जहां कोरोना के मामले तेज़ी बढ़ रहे हैं और संक्रमण से लोगों की जान जा रही है. इन राज्य में महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और केरल के नाम शामिल हैं. गुरुवार को पीएम मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक ली. बैठक में पीएम मोदी ने राज्यों को कोरोना गाइडलाइन्स फॉलो करने के सख्त निर्देश दिए. साथ ही कहा कि लोगों को जागरूक करना सबसे ज्यादा जरूरी है.