NEW DELHI TV सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में नट्टू काका का लोकप्रिय किरदार निभाने वाले घनश्याम नायक का निधन हो गया है। वो 77 साल के थे। नट्टू काका काफी दिनों से गले के कैंसर से पीड़ित थे। पिछले साल उनका इसी सिलसिले में ऑपरेशन भी हुआ था। मगर वो कैंसर से उबर नहीं पाए और रविवार को मुंबई के मालाड इलाके में सूचक अस्पताल में उनका निधन हो गया। नट्टू काका ने अपनी कॉमेडी से सभी को खूब हंसाया। शो में वे जेठालाल के असिस्टेंट का रोल प्ले किया करते थे और उनकी दुकान में काम करते थे। वे अपने फनी एक्सप्रेशन्स से सभी को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर देते थे। बाघा संग भी उनकी बॉन्डिंग बेहद खास थी। शो में उनकी क्यूट स्माइल और इंग्लिश बोलने के लहजे के सभी दीवाने थे। घनश्याम नायक यानी ‘तारक मेहता’ के नट्टू काका 77 साल की उम्र में भी काम के प्रति डेडिकेटेड थे और अपने फैंस का भरपूर मनोरंजन करते थे। जून महीने में उनकी बीमारी की खबर सामने आई थी। कुछ महीनों से वह कैंसर से पीड़ित थे और अपना इलाज करा रहे थे।