ALOT (MP) : यहा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां कोर्ट में पत्नी द्वारा गुजारे-भत्ते का केस वापस न लेने से गुस्साए पति ने दांत से अपनी पत्नी की नाक ही काट दी। मामला रतलाम जिले के आलोट का है। घटना के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, पीड़ित टीना माली नाम की महिला का पति दिनेश माली उज्जैन जिले के महिदपुर का रहने वाला है।
पति-पत्नी के बीच साल 2019 से ही अनबन चल रही थी और टीना माली ने पति के खिलाफ भरण-पोषण का मामला दायर किया हुआ था। दोनों की शादी 13 साल पहले हुई थी और अब दो बच्चियां भी हैं। टीना माली अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही हैं। दिनेश माली अपनी पत्नी पर लगातार दबाव बना रहा था कि वह गुजारे-भत्ते का केस वापस ले ले। इसी कड़ी में वह 25 सितंबर यानी शनिवार को आलोट आया था और तभी दोनों के बीच अनबन हुई और दिनेश ने दांत से पत्नी टीना की नाक काट ली।