केंद्र सरकार ने 8 नवंबर से बायोमेट्रिक हाजिरी बहाल करने का फैसला किया

NEW DELHI : केंद्र सरकार ने आठ नवंबर से सभी स्तर के कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी बहाल करने का फैसला किया है। कार्मिक मंत्रालय ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। मंत्रालय ने पीटीआई से कहा है कि यह सुनिश्चित करना विभाग प्रमुखों की जिम्मेदारी होगी कि बायोमेट्रिक मशीन के पास सैनेटाइजर अनिवार्य रूप से रखी जाए और सभी कर्मचारी हाजिरी लगाने के पहले और बाद में अपने हाथों को सैनेटाइज करें। इससे पहले, कोरोना वायरस महामारी फैलने के कारण कर्मचारियों को बायोमेट्रिक तरीके से हाजिरी लगाने से छूट दी गई थी। कार्मिक मंत्रालय ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों को एक आदेश में कहा है कि अपनी हाजिरी लगाते समय सभी कर्मचारियों द्वारा छह फुट की सोशल डिस्टेंसिंग अवश्य रखी जाए। यदि जरूरत पड़े तो भीड़भाड़ से बचने के लिए अतिरिक्त बायोमेट्रिक हाजिरी मशीन लगाई जाए।
आदेश में कहा गया है कि सभी कर्मचारियों को हर समय मास्क पहनना होगा। इसमें आगे कहा गया है कि जहां तक संभव हो, बैठकें वीडियो कांफ्रेंस के जरिए की जाए और जब तक लोक हित में आवश्यक नहीं हो, आगंतुकों के साथ बैठकें करने से बचा जाए। कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में हर समय कोरोना महामारी से जुड़े गाइडलाइंस का सख्ती से अनुपालन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *