किसान संगठनों के सदस्यों ने ट्रेन रोक पटरी पर बैठ किया धरना प्रदर्शन

जालंधर,(विशाल)  भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर किसानों और समर्थकों ने वीरवार को रेल रोको आंदोलन में हिस्सा लिया। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर किसान संगठनों के सदस्यों ने धरना प्रदर्शन कर ट्रेन रोक पटरी पर बैठ प्रदर्शन किया गया। खास बात यह रही कि कांग्रेस नेताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया। किसानों ने गुजरात से माता वैष्णो देवी कटरा जा रही ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने दिया। उन्होंने ट्रेन के आगे खड़े होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ट्रेन करीब साढ़े 4 घंटे स्टेशन पर खड़ी रही जिस कारण सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि चार बजे के बाद किसान रेल पटरियों से हटने लगे हैं। रेलवे ने स्थिति सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रैक की चेकिंंग के बाद ट्रेनों को रवाना किया जाएगा।
इस धरने में गांव संसारपुर, जमशेर, धन्नोवाली, धीना, खुसरोपुर, सोफीपिंड, बडिंग आदि के किसानों ने पहुंच कर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। उन्होंने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि हमारी एक ही मांग है कि केंद्र सरकार ने जो कृषि सुधार कानून पास करवा ए हैं, उन्हें जल्द रद किया जाए।
इस दौरान मंच पर भाषण दे रहे किसान नेताओं ने प्रदर्शनकारियों से रेल रोको प्रदर्शन खत्म होने के बाद सीधा दिल्ली पहुंचने का निवेदन किया। इधर, स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस स्टेशन कैंट द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए व रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। इस अवसर पर बडिंग से कांग्रेस नेता शिवम शर्मा व उनके समर्थक कार्यकर्ता, अरविंद सिंह छोटू, सुखविंदर सिंह कोटली, जगदीश राणा, परमजीत, मंजीत सिंह ट्रांसपोर्टर, गुरबचन सिंह मक्कड़, जसबीर सिंह दकोहा सहित सैकड़ो किसान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *