कतर से गुरुवार को राहत भरी खबर आई. खाड़ी मुल्क में गिरफ्तार भारत के आठ पूर्व नेवी अफसरों को मौत की सजा पर रोक लगा दी गई. अब ऐसे में सवाल है कि इस फैसले के बाद इन आठ अफसरों का क्या होगा? कहा जा रहा है कि भारत अब इन आठ पूर्व नेवी अफसरों की वतन वापसी की मांग कर सकता है. इसके लिए 2014 में भारत और और कतर के बीच हुई कैदियों की अदला-बदली संधि (Treaty on transfer of Sentenced Persons between India and Qatar) का हवाला दिया जा सकता है. इस संधि के तहत कतर की जेल में बंद भारतीय कैदियों को भारत में जबकि भारत की जेल में बंद कतर के कैदियों को उनके वतन भेजने का प्रावधान है. हालांकि, साल 2004 से पहले ऐसा कोई कानून नहीं था, जिससे विदेशी कैदियों को उनकी सजा की बाकी अवधि के लिए उनके मुल्क भेजा जाए.