देश में कोविड-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट की रफ्तार ने सरकार की नींद उड़ा दी है। इस वेरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार यानी आज एक अहम समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें केंद्र सरकार के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में ओमिक्रॉन वेरिएंट के संक्रमण को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने के साथ किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने नवंबर के आखिरी सप्ताह में भी ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर समीक्षा बैठक की थी। संसद के शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले भी प्रधानमंत्री ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की थी। इस दौरान उन्होंने लोगों को मार्च 2022 तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का विस्तार करने का ऐलान किया था।ओमिक्रॉन वेरिएंट पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंधों को कम करने की योजना की समीक्षा करने के लिए कहा था। इसके साथ प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से नए वेरिएंट को लेकर सक्रिय रहने के हिदायत दी थी। ताकि, ओमिक्रॉन वेरिएंट पर नजर रखी जा सके। इस बीच, देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र ने राज्यों को एडवाइजरी जारी कर एहतियाती कदम उठाने की अपील की है।