उत्तराखंड में भारी तबाही, अब तक 25 की मौत

NENITAAL : उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में सोमवार रात को बादल आफत बन कर बरसे। भारी बारिश के कारण अब तक करीब 25 लोगों की मौत हो चुकी है। नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद में बारिश के कहर से कई घर मलबे की चपेट में आ गये जिससे 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि पांच लोग लापता बताये जा रहे हैं। नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर के दोषापानी में अतिवृष्टि के कारण देर रात एक मकान धराशायी हो गया जिससे पांच लोगों की मौत हो गयी। ये सभी एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं। राज्य आपदा प्रबंधन बल और पुलिस की ओर से मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। DGP अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखंड के रामनगर-रानीखेत रूट पर मौजूद लेमन ट्री रिसॉर्ट पर करीब 200 लोग फंस गए थे, जिनको अब बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि अबतक भारी बारिश की वजह से 24-25 लोग मारे जा चुके हैं। सबसे ज्यादा मौत नैनीताल जिले में हुई है। मुक्तेश्वर के रामगढ़ क्षेत्र में ही एक अन्य घटना में सात लोगों के भी मलबे में दबे होने की सूचना है। श्री मेहरा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यहां भी राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। दो शवों को बरामद कर लिया गया है। अभी भी पांच लोग लापता हैं। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली जा रही है। भारी बारिश के चलते राहत व बचाव कार्य संचालित करने में दिक्कतें आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *