अमरीका में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तानी समर्थकों का हंगामा, भारतीय पत्रकार पर हमला

WASHINGTON : वाशिंगटन में भारतीय पत्रकार ललित झा पर खालिस्तानी समर्थकों ने शनिवार को हमला किया। उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई। ललित झा जब शनिवार दोपहर को वाशिंगटन में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तान समर्थकों के एक विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे थे, तो कुछ उग्र लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। इसके बाद झा ने पुलिस को फोन किया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर ललित झा की रक्षा की। ललित झा ने रविवार को यूएस सीक्रेट सर्विस को उनकी रक्षा करने और अपना काम करने में मदद करने के लिए धन्यवाद दिया।
इस घटना के बारे में रविवार को ट्वीट करके जानकारी देते हुए ललित झा ने कहा कि खालिस्तानी समर्थकों ने उनके बाएं कान पर दो डंडे मारे। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर खालिस्तानी समर्थकों का एक वीडियो भी शेयर किया।झा ने कहा कि अगर सीक्रेट सर्विस ने मौके पर उनकी सुरक्षा नहीं की होती तो वे अस्पताल से यह सब लिख रहे होते। झा ने कहा कि ‘एक शख्स ने डंडों से मेरे बाएं कान पर वार किया। इसके कारण मुझे 911 पर फोन करना पड़ा और 2 पुलिस वैन मौके पर पहुंच गईं। झा ने कहा कि एक मौके पर तो मुझे बहुत ज्यादा खतरा महसूस हुआ था। वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास ने इस हमले की निंदा की है। भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा कि ‘हमने वाशिंगटन डीसी में तथाकथित ‘खालिस्तान विरोध’ को कवर करने के दौरान प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार, धमकी और शारीरिक हमले के परेशान करने वाले दृश्य देखे हैं। पत्रकार को पहले मौखिक रूप से धमकाया गया, फिर शारीरिक रूप से हमला किया गया और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा और भलाई के लिए उनको डरते हुए कानून प्रवर्तन एजेंसियों को बुलाना पड़ा, जिन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी। भारतीय दूतावास ने कहा कि ‘हम एक वरिष्ठ पत्रकार पर इस तरह के गंभीर और अनुचित हमले की निंदा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *