NEW DELHI : इंसान भविष्य में अमर हो पाएंगे या नहीं ये तो नहीं कहा जा सकता लेकिन इंसान जिस संस्कृति का निर्माण करते हैं, वो सदियों तक जीवित रहती है. ऐसी ही एक संस्कृति अफगानिस्तान की है. जिसे तालिबान नष्ट करने की कोशिश कर रहा है. लेकिन आज सोशल मीडिया पर दुनिया भर में रहने वाली अफगान महिलाओं ने तालिबान के खिलाफ विद्रोह कर दिया है. ये महिलाएं अब सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान की पारंपरिक वेषभूषा में अपनी तस्वीरें पोस्ट कर रही हैं. इन महिलाओं ने दुनिया को बता दिया है कि अफगानिस्तान की असली महिलाओं की पहचान बुर्का नहीं है. आप इसे तालिबान के खिलाफ अफगान महिलाओं की बगावत भी कह सकते हैं. कुछ दिनों पहले तालिबान से प्रभावित कुछ महिलाओं ने काबुल में मार्च निकाला था. इस मार्च में ये महिलाएं सिर से पांव तक बुर्के से ढंकी हुई थीं. ये महिलाएं शरिया कानून का समर्थन कर रही थीं.