जालंधर,(विशाल)-तेज मोहन नगर की गली नंबर 4 में आज रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक प्रॉपर्टी डीलर पर आधा दर्जन हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला कर दिया। उसे खून से लथपथ हालत में पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया था, मगर हालत नाजुक होने के कारण बाद में प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया। विजय कुमार पुत्र हरभजन लाल निवासी जालंधर कैंट ने बताया कि वह अपने प्रॉपर्टी डीलर दोस्त तरुण उर्फ लल्ली को मिलने तेज मोहन नगर में आया था। रात को वह दोनों एक्टिवा पर सवार होकर घर की तरफ जा रहे थे। एक्टिवा तरुण चला रहा था। इस दौरान तेज मोहन नगर की गली न. 4 में करीब आधा दर्जन युवक हथियारों से लैस होकर खड़े थे। उक्त युवकों ने उन्हें बीच रास्ते घेर लिया और तरुण पर हमला कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। तरुण के शरीर पर तेजधार हथियारों के काफी गहरे घाव है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हमला पुरानी रंजिश के कारण हुआ बताया जा रहा है।