13वें सीजन में आईपीएल की सबसे कामयाब टीम चेन्नई सुपर किंग्स को बुरे दौर का सामना करना पड़ रहा है. सुपर किंग्स को तीन मैचों में यह दूसरी हार मिली है. उसने अपने पहले मैच में मुम्बई इंडियंस को हराया था लेकिन उसके बाद उसे राजस्थान रॉयल्स और अब दिल्ली केपिटल्स के हाथों हार मिली है. दिल्ली कैपिटल्स के हाथों मात खाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हार की वजह बताई है. धोनी ने कहा कि टीम की बल्लेबाजी में कमी है और इसमें सुधार करना होगा. दिल्ली ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चेन्नई को 176 रनों का लक्ष्य दिया था. चेन्नई 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 131 रन ही बना सकी. सीएसके की तरफ से सबसे ज्यादा रन डु प्लेसिस ने बनाए. दक्षिण अफ्रीका के इस खिलाड़ी ने 43 रन का पारी खेली, जबकि जाधव ने 26 रन की पारी खेली. इन दोनों के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज 20 रन से ज्यादा की पारी नहीं खेल पाया. धोनी का मानना है कि ब्रेक से टीम को कमी सुधारने का मौका मिलेगा. धोनी ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह हमारे लिए अच्छा मैच था. विकेट धीमी हो गई थी. ओस भी नहीं थी. लेकिन मुझे लगता है कि हमारे बल्लेबाजी क्रम में कमी है. हमें इसका पता लगाना होगा. अगले सात दिन का ब्रेक हमारे लिए इस बात की पता लगाने का मौका देगा.”