फिल्मों में दिखाए गए छोटे-छोटे सीन भी कभी-कभी बड़ी बहस का कारण बन जाते हैं, खासकर जब मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हो. इसी बीच इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के एक सीन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. फिल्म में एक्टर आर माधवन के एक सीन को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे है. कुछ लोगों का आरोप था कि फिल्म में एक सीन में उन्होंने सिगरेट पीते हुए गुरबानी का उच्चारण किया, जिससे सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं. मामला बढ़ता देख अब खुद आर माधवन ने इन सवालों का जवाब दिया है.
माधवन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर पूरे मामले को क्लियर करते हुए कहा कि जिस सीन को लेकर विवाद हो रहा है, उसमें उन्होंने डायलॉग बोलने से पहले ही सिगरेट बुझा दी थी. उस सीन में न तो उनके हाथ में सिगरेट थी और न ही मुंह से धुआं निकल रहा था. शूटिंग के दौरान फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने खास तौर पर उन्हें सिगरेट हटाने के लिए कहा था, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों. उनका या पूरी टीम का किसी भी धर्म को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था.